एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनबिहार

दुर्गा पूजा को लेकर दो थानों में शांति समिति की बैठक डीजे बजाने पर पूर्णतः रहेगी प्रतिबंध।

शिवाजीनगर । दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर और हथौड़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। शिवाजीनगर थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने किया। वहीं हथौड़ी थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मौसम ने की और संचालन अपर थानाध्यक्ष मुखराम सिंह ने किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा, जुलूस के मार्ग, भीड़ नियंत्रण, मूर्ति विसर्जन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने और हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिवाजीनगर थाना परिसर में बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। सभी पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और पूजा आयोजन से संबंधित अनिवार्य लाइसेंस अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मूर्ति विसर्जन भी निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिवाजीनगर थाना परिसर में मौजूद सीओ अम्बपाली यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि हुड़दंग मचाने और अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा और मेले के आयोजन के दौरान डीजे नहीं बजेगा। किसी भी परिस्थिति में आर्केस्ट्रा का आयोजन नहीं किया जाएगा। पूजा के दौरान सरकारी गाइडलाइन का पालन करना सभी समितियों के लिए अनिवार्य है। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजन करने और विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की।हथौड़ी थाना परिसर में आयोजित बैठक में थानाध्यक्ष मौसम ने कहा कि क्षेत्र के लोग गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल कायम रखते हुए सभी पर्व-त्योहार मनाते हैं। दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता की पहचान है। उन्होंने लोगों से इस परंपरा को बनाए रखने और दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी लोग संयम और अनुशासन का परिचय दें तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे आपसी सद्भाव प्रभावित हो।बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर असामाजिक तत्वों पर प्रशासन को कड़ी नजर रखनी चाहिए। त्योहार के दौरान हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहेगा। पूजा पंडालों और जुलूस के रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया गया।प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने कहा कि शिवाजीनगर क्षेत्र हमेशा से शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है। यहां के लोग सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाते हैं। इस परंपरा को कायम रखते हुए दुर्गा पूजा का पर्व भी शांति और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रशासन को सहयोग करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी है। पूजा पंडालों और जुलूस के मार्ग को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने, निर्धारित समय पर विसर्जन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने पर भी जोर दिया गया।मौके पर सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, मुखिया रामचंद्र सिंह, नटवर राय, राम पुकार मंडल, प्रोफेसर कुंडेश्वर प्रसाद सिन्हा, वीरेंद्र प्रसाद बिरजू, समाजसेवी संतोष सिंह, राकेश महतो उर्फ बटेली महतो, राजेश पासवान, डॉ. शिव शंकर मंडल, प्रेम कुमार सहनी, उमेश यादव, रविंद्र प्रसाद चौधरी, धर्मेंद्र मंगल, संतोष कुमार, बिजली जेई आकाश वर्मा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमित कुमार आदि थे।

समाचार साथ शांति समिति

बैठक में उपस्थित पदाधिकारी एवं लोगों की फोटो सलग्न है।

Related Articles

Back to top button