आस्थाएक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासन

विषहर पूजा को लेकर शिवाजीनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक एवं पुलिस बलों ने किया फ्लैग मार्च

शिवाजीनगर। नागपंचमी के अवसर पर विषहरी पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को शिवाजीनगर थाना पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आये  सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों, मंदिरों एवं घरों में आयोजित होने वाली मां विषहरी पूजा को लेकर रविवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला गया तथा पूजा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए परंपरागत तरीके से पूजा संपन्न कराने की अपील की। फ्लैग मार्च एवं शांति समिति की बैठकों का नेतृत्व दंडाधिकारी सह बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह तथा थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने सरहिला, घिवाही, काकर, शिवराम, मल्हीपाकर एवं भटौरा गांव के मंदिर परिसरों का भ्रमण कर पूजा समितियों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।अधिकारियों ने पूजा आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं की जानकारी लेते हुए विधि व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मां विषहरी पूजा आस्था एवं श्रद्धा का पर्व है। इसे पूरी शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सांप, बिच्छू अथवा अन्य वन्यजीवों का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति पूजा अथवा जुलूस के दौरान सांप-बिच्छू का प्रदर्शन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियां कानून का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों को मां विषहरी पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। सभी लोग मिल जुलकर इस परंपरा को आगे बढ़ाएं तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पूरे पूजा आयोजन के दौरान पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा अर्चना कर सकें। फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठक में अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, मुखिया अशर्फी साहनी, समाजसेवी संजय कुमार साहनी सहित पूजा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विषहरी पूजा संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

समाचार के साथ शिवाजीनगर थाना  परिसर में शांति समिति की बैठक करते थानाध्यक्ष एवं फ्लैग मार्च करते पुलिस बल की फोटो संलग्न।¢

Related Articles

Back to top button