अपर समाहर्ता ने किया पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर का भ्रमण विद्यार्थियों को दिया सफलता की मंत्र

शिवाजीनगर। पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर में समस्तीपुर के अपर समाहर्ता बृजेश कुमार का आगमन हुआ। उनके साथ बीडीओ आलोक कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी नाजिश परवीन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राम जन्म सिंह तथा शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। आगंतुक अतिथियों का स्वागत संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह एवं राजन कुमार ने मिथिला की पारंपरिक पाग, माला और चादर भेंट कर किया। इस अवसर पर स्थानीय इतिहास और समाजसेवियों के योगदान पर आधारित पुस्तक शिवाजीनगर के कर्मवीर भी उन्हें भेंट स्वरूप प्रदान की गई। भ्रमण के दौरान अपर समाहर्ता ने लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया और उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए संबंधित प्रश्न बैंक और अध्ययन सामग्री का बार-बार पुनरावृत्ति करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। इस अवसर पर , अरविंद सिंह, राजन कुमार, संजीव कुमार सिंह, योगाचार्य डॉ. रमाकांत सिंह, विपिन कुमार पटेल, प्रिंस कुमार, किशन कुमार, सुरेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणा दायी बना रहा।
समाचार के साथ पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर मैं सम्मानित होते अपर समाहर्ता एवं अन्य की फोटो संलग्न।




