एक्सक्लूसिव खबरेंबिहार

संविधान लोकतंत्र की आधारशिला, अधिकारों कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना जरूरी पूर्व बीआरपी बालमुकुंद सिंह

समस्तीपुर। शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवारा में गुरुवार को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। वहीं बच्चों के ज्ञानवर्धन एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से संविधान विषय पर क्विज प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के पूर्व बीआरपी सह एचएम बालमुकुंद सिंह ने की। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह हमें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने की दिशा प्रदान करता है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार दिया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करे। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका, संविधान निर्माताओं के योगदान, मौलिक अधिकारों तथा मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक विशेष दिवस को याद करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की भावना और उसकी महत्ता से परिचित कराना भी है। बच्चों को बचपन से ही लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, समानता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, संविधान सभा, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल के माध्यम से संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों को कागज पर उकेरा। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों की उत्सुकता और उनकी रचनात्मक क्षमता देखते ही बन रही थी। इस मौके पर अपने विचार व्यक्त करने वाले विद्यार्थियों में अमन कुमार, सलोनी कुमारी, लक्ष्मी दत्त एवं अभिनव राज प्रमुख रहे। वहीं क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता में अमन कुमार, सलोनी कुमारी, लक्ष्मी दत्त, अभिनव राज, सोनाक्षी, नेहा, अंजनी, श्वेता कुमारी एवं सुधा सहित अन्य विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक सुरेंद्र मांझी, रितेश कुमार, पंकज कुमार, रोशन कुमार, नवजोत कौर, कुमारी अनिला, कामिनी कुमारी, मंजू कुमारी एवं संगीता कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए इस तरह के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता तथा रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना था। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में जागरूक, शिक्षित एवं जिम्मेदार नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समाचार के साथ क्वीज प्रतियोगिता में भाग लेते छात्र छात्राओं एवं संचालन करते प्रधानाध्यापक की फोटो संलग्न है।

Related Articles

Back to top button